रांची: झारखंड के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने अगले एक से तीन घंटे के भीतर राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर तात्कालिक चेतावनी जारी की गई है।
रांची मौसम केंद्र के अनुसार, रांची, लोहरदगा, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग और रामगढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में मौसम अचानक बदल सकता है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग की सलाह
वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। खराब मौसम के दौरान घरों या सुरक्षित स्थानों में रहने की सलाह दी गई है। खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने को कहा गया है।
इसके अलावा किसानों को मौसम सामान्य होने तक खेतों में काम नहीं करने की सलाह दी गई है। बिजली चमकने के दौरान इलेक्ट्रॉनिक और बिजली से संचालित उपकरणों का उपयोग भी यथासंभव टालने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक मौसम अपडेट पर भरोसा करें।