रांची: राजधानी के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी परिसर में सोमवार देर रात एक व्यक्ति का शव पेड़ से फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सेक्टर-3 धुर्वा के थेथरकोचा निवासी सूरज नायक के रूप में हुई है। घटना को लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, देर रात स्मार्ट सिटी परिसर से गुजर रहे लोगों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल धुर्वा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
घटनास्थल के पास ही मृतक का ई-रिक्शा खड़ा मिला, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही मृतक के पारिवारिक, सामाजिक और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।