रांची: हटिया स्थित DRM कार्यालय में सामने आए घूसकांड के बाद रेलवे प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए सीनियर डीसीएम शुचि सिंह का तबादला कर दिया है। CBI की कार्रवाई के बाद यह बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है।
बुधवार को CBI ने छापेमारी के दौरान चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में सीनियर डीसीएम शुचि सिंह से भी पूछताछ की गई थी, जिसके बाद विभाग ने उनकी जिम्मेदारियों में बदलाव किया।
रेलवे के आदेश के अनुसार, शुचि सिंह को अब रेलवे दावा अधिकरण में कार्मिक अधिकारी के पद पर भेजा गया है। वहीं, श्रेया सिंह को रांची रेल मंडल में सीनियर डीसीएम की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पूरा मामला क्या है?
यह मामला तब सामने आया जब ठेकेदार अजय त्यागी ने CBI में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका 8.50 लाख रुपये का बकाया बिल पास कराने के बदले हिमांशु शेखर 50 हजार रुपये की घूस मांग रहा था। शिकायत में यह भी कहा गया कि इस राशि में सीनियर डीसीएम की हिस्सेदारी होने की बात कही जा रही थी।
CBI ने शिकायत का सत्यापन कर जाल बिछाया और आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया है और अब लगातार प्रशासनिक बदलाव किए जा रहे हैं।