JPSC-JSSC विवाद से गरमाया मानसून सत्र, भर्ती घोटाले पर सरकार-विपक्ष आमने-सामने

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

Ranchi: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले ही राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है। JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, OMR शीट में गड़बड़ी और चयन प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने स्पष्ट कर दिया है कि युवाओं से जुड़े इस मुद्दे को वह सदन के भीतर और बाहर पूरी मजबूती से उठाएगा।

सत्र के पहले दिन विपक्षी विधायक विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन करेंगे। उनका आरोप है कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं बरती गई, जिससे हजारों-लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। भाजपा, आजसू समेत NDA के सभी दल अभ्यर्थियों के आंदोलन का समर्थन करते हुए पूरे मामले की CBI जांच की मांग कर रहे हैं।

इधर राजधानी रांची में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के पास अभ्यर्थियों का धरना और सत्याग्रह लगातार जारी है। प्रदर्शनकारी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और लंबित मामलों का जल्द समाधान निकालने की मांग पर अड़े हुए हैं।

मानसून सत्र से पहले हुई NDA विधायक दल की बैठक में सरकार को रोजगार, युवाओं के भविष्य और भर्ती घोटाले जैसे मुद्दों पर घेरने की रणनीति तैयार की गई। विपक्ष का कहना है कि वह सरकार से हर स्तर पर जवाब मांगेगा और जब तक अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक यह आंदोलन और यह मुद्दा दोनों जारी रहेंगे।

वहीं, सत्तारूढ़ गठबंधन भी विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की तैयारी में है। सरकार का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मामलों की जांच CID कर रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सत्ता पक्ष केंद्र सरकार के कार्यकाल में सामने आए विभिन्न परीक्षा विवादों का हवाला देकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की रणनीति पर काम कर रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *