चतरा: जिले के वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र के घंघरी गांव के समीप चतरा-डोभी मुख्य मार्ग (NH-22) किनारे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान घंघरी गांव निवासी मुकेश यादव के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं, शव मिलने की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने घंघरी के समीप चतरा-डोभी मुख्य मार्ग (NH-22) को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने के कारण चतरा से बिहार के गया सहित अन्य मार्गों पर चलने वाले छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई है और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ अविलंब कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही वशिष्ठनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम हटाने के प्रयास में जुट गए।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले के अनुसंधान में जुटी हुई है।