आदिवासी नाबालिग से यौन शोषण के आरोपों पर घिरे विधायक भूषण बाड़ा, भाजपा ने राज्यपाल से पूछा- आखिर किसका मिल रहा संरक्षण?

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग किशोरी के कथित यौन शोषण समेत गंभीर आरोपों को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। भाजपा अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सवाल उठाया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद विधायक की गिरफ्तारी अब तक क्यों नहीं हुई और उन्हें किसका संरक्षण मिल रहा है?

भाजपा ने आरोपों की न्यायिक निगरानी में उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने, पीड़िता को सुरक्षा देने तथा विधायक की गिरफ्तारी की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सवाल उठाया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पीड़िता को कथित तौर पर विधायक के आवास पर किसके आदेश से ले जाया गया। क्या इस दौरान पीड़िता पर दबाव बनाने या उसके बयान को प्रभावित करने की कोशिश की गई?

प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में महिलाओं और विशेषकर आदिवासी बहन-बेटियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए निशा भगत की मौत, गम्हरिया थाना परिसर में महिला से दुष्कर्म के आरोप और गोड्डा के सुंदरपहाड़ी मिशन से जुड़े यौन शोषण के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

इसके अलावा, मामले को उजागर करने वाले पत्रकारों और न्यूज चैनल के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई की समीक्षा करने का आग्रह भी राज्यपाल से किया गया।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आदिवासी बहन-बेटियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। राजनीतिक प्रभाव के आधार पर किसी को भी कानून से ऊपर नहीं रखा जा सकता। सभी मामलों में स्वतंत्र और सक्षम एजेंसी से समयबद्ध जांच कराई जाए तथा पीड़िताओं को सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जाए।

इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो, प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, आरती कुजूर, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर और पिंकी खोया समेत अन्य लोग शामिल थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *