जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) भवन की चौथी मंजिल में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। आग की लपटें और धुआं निकलता देख पास में तैनात बैंक ऑफ बड़ौदा के सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल LIC प्रबंधन, पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि आग काफी भीषण थी, जिसके चलते दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कई घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लगातार प्रयास के बाद सुबह आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आग से कितने नुकसान की स्थिति बनी है, इसका आकलन किया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।