रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में नो-मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी और फॉर्म-6, 7 एवं 8 के आवेदनों के डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा की गई। के. रवि कुमार ने अधिकारियों को सुनवाई की प्रक्रिया तेज करने और ECINET पोर्टल पर आवेदनों के डिजिटाइजेशन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 26 अक्टूबर को राजनीतिक दलों के साथ होने वाली बैठक में SIR-2026 की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट साझा की जाएगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने फॉर्म-6 के डिजिटाइजेशन, BLO के कार्यों की नियमित निगरानी और नए पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष कैंप लगाने पर जोर दिया। उन्होंने खासकर जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में पात्र लोगों तक पहुंचकर उन्हें पंजीकरण में सहायता देने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुनवाई में खानापूर्ति नहीं चलेगी। प्रत्येक मामले की दस्तावेजों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार अंतिम आदेश पारित किया जाए। साथ ही, कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्तियों के नाम नियमों के विरुद्ध शामिल न हों।बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न जिलों के निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।