रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में होमगार्ड बहाली को लेकर अभ्यर्थियों की हलचल तेज हो गई है। शनिवार को सिद्धू-कान्हू मैदान में शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए। सुबह पांच बजे से ही मैदान में प्रवेश और प्रमाणपत्रों की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इसके बाद अभ्यर्थियों की दौड़ कराई गई। परीक्षा के पहले और दूसरे राउंड की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि अन्य अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा जारी है। पूरी बहाली प्रक्रिया को व्यवस्थित और निष्पक्ष बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष तैयारी की है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, नियमों का पालन अनिवार्य
उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर परीक्षा स्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मैदान में केवल वैध प्रवेश पत्र और जरूरी दस्तावेज रखने वाले अभ्यर्थियों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। बाहरी लोगों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर भी सख्ती बरती जा रही है।
अभ्यर्थियों की सुविधा पर प्रशासन का जोर
परीक्षा में शामिल होने पहुंचे अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और बैठने की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों को दलालों और भ्रामक दावों से सावधान रहने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। फिलहाल सिद्धू-कान्हू मैदान में शारीरिक दक्षता परीक्षा जारी है। प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।