झारखंड में 5 नवंबर को डिजिटल मतदाता जागरूकता की मुहिम, एक घंटे में सोशल मीडिया पर दिखेगी युवाओं की भागीदारी

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: झारखंड में नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष पहल की है। आगामी 5 नवंबर को राज्यभर के उच्च शिक्षण संस्थानों में सोशल मीडिया के जरिए मतदाता जागरूकता का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक विद्यार्थी #DownloadECINet हैशटैग के साथ अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के विभिन्न संस्थानों के प्राचार्यों और निदेशकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए।बैठक में निर्देश दिया गया कि अभियान के दौरान विद्यार्थी अपने स्मार्टफोन में ECINET ऐप डाउनलोड करें और उसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर साझा करें। इसके साथ ही मतदाता जागरूकता से संबंधित सेल्फी, वीडियो और संदेश भी फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स तथा यूट्यूब पर पोस्ट किए जाएंगे। सभी पोस्ट में #DownloadECINet हैशटैग का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करने की अपील की गई है।

युवाओं को मिलेगा मतदाता बनने का संदेश

के. रवि कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र भारतीय नागरिकों का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना चाहिए। जिन युवाओं का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उन्हें फॉर्म-6 और घोषणा पत्र जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।उन्होंने शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को अपने संस्थानों में विशेष जागरूकता गतिविधियां संचालित करने और पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। साथ ही ELC प्रभारियों को अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।

ECINET ऐप को लेकर भी अपील

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने आम लोगों से भी ECINET ऐप डाउनलोड करने और मतदाता सूची में पंजीकरण सहित निर्वाचन से जुड़ी प्रक्रियाओं की विश्वसनीय जानकारी प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार के सदस्यों और परिचितों को भी ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करने को कहा। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, संजय कुमार और सुनील कुमार सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य एवं निदेशक मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *