झारखंड में डॉक्टरों की बंपर भर्ती, 306 विशेषज्ञ पदों पर होगी नियुक्ति; 8 अक्टूबर से आवेदन

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: झारखंड में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। राज्य में कुल 306 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें 200 पद नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के हैं, जबकि 106 पद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत भरे जाएंगे।

कई महत्वपूर्ण विभागों में होगी बहाली

भर्ती के तहत एनेस्थीसिया, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, ऑर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स, मेडिसिन, मनोरोग, रेडियोलॉजी और सर्जरी समेत कई विशेषज्ञ विभागों में डॉक्टरों की नियुक्ति होगी। नॉन-टीचिंग श्रेणी में फॉरेंसिक साइंस और पैथोलॉजी के विशेषज्ञ पद भी शामिल हैं।

8 अक्टूबर से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

इच्छुक डॉक्टर 8 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को तय समय सीमा के भीतर ही आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

23 से 64 साल तक के अभ्यर्थी पात्र

इन पदों के लिए उम्मीदवार की आयु 23 वर्ष से कम और 64 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। उम्र की गणना के लिए 31 अक्टूबर 2026 को कट-ऑफ डेट माना जाएगा।

विशेषज्ञ डिग्री और मेडिकल रजिस्ट्रेशन जरूरी

आवेदन के लिए अभ्यर्थी के पास MBBS की डिग्री के साथ संबंधित विशेषज्ञता में मान्यता प्राप्त संस्थान से PG डिग्री या डिप्लोमा होना आवश्यक है। इसके अलावा संबंधित मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीकरण भी अनिवार्य रहेगा।

अनुबंध पर होगी नियुक्ति

विभाग के मुताबिक, 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर की नियुक्ति कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर की जाएगी। वहीं NHM के 106 विशेषज्ञों को स्वास्थ्य विभाग के अलग-अलग स्वास्थ्य कार्यक्रमों में जिम्मेदारी दी जाएगी। योग्य उम्मीदवार झारखंड रूरल हेल्थ मिशन सोसाइटी की आधिकारिक वेबसाइट और राज्य के भर्ती पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने साफ किया है कि निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया के अलावा किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *