रांची: राजधानी रांची के हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित शिवम पैलेस होटल में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर कथित अनैतिक गतिविधियों के मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें होटल प्रबंधन से जुड़ा एक व्यक्ति, पश्चिम बंगाल की दो युवतियां और दो ग्राहक शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, होटल में अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना लगातार मिल रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर हटिया डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल में कार्रवाई करते हुए संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया।
छापेमारी के दौरान होटल से कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि, बरामद सामग्री को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित तौर पर यह गतिविधि कब से संचालित हो रही थी और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रांची पुलिस ने दोहराया है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।