रांची: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 8,743 पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति देवघर में की जाएगी। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित जिलों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, प्रतिनियुक्त सभी पुलिस अधिकारी और जवान 25 जुलाई 2026 की पूर्वाह्न तक देवघर में अपना योगदान देंगे। उनकी तैनाती 31 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी, ताकि पूरे श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
सुरक्षा बल में 5,365 पुरुष लाठी बल, 440 महिला लाठी बल, 92 इंस्पेक्टर, 2018 बैच के 28 दारोगा, 730 एएसआई और 1,110 पुरुष सशस्त्र बल समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हैं। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और संवेदनशील स्थलों की निगरानी के लिए इन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
देवघर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, पलामू, लातेहार, गढ़वा, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और साहेबगंज सहित कई जिलों से पुलिस बल भेजा जाएगा। इसके अलावा झारखंड पुलिस अकादमी, हजारीबाग और अन्य प्रशिक्षण संस्थानों के जवानों की भी तैनाती की गई है।
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों और समादेष्टाओं को निर्देश दिया है कि ड्यूटी पर भेजे जाने वाले अधिकारियों और जवानों की नामावली तथा मोबाइल नंबर 20 जुलाई 2026 तक देवघर पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि मेले के दौरान बेहतर समन्वय और त्वरित संचार व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।