रांची: झारखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के तहत बजट आवंटन जारी कर दिया है। अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सचिवालय सामान्य सेवाओं के अंतर्गत कुल 18.32 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
यह बजट विभाग के विभिन्न प्रशासनिक और संचालन संबंधी खर्चों को पूरा करने के लिए निर्धारित किया गया है। जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस राशि का सबसे बड़ा हिस्सा कर्मचारियों के वेतन पर खर्च किया जाएगा।
विभिन्न मदों में आवंटन इस प्रकार है—वेतन के लिए 15.76 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं, जबकि व्यावसायिक सेवाओं पर 1.34 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा कार्यालय खर्च के लिए 40 लाख, कार्यालय उपकरण के लिए 30 लाख, संविदा भत्ता के लिए 13.25 लाख और यात्रा व्यय के लिए 8 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
इस बजट में टेलीफोन, बिजली, वर्दी, वाहन ईंधन और मरम्मत जैसे जरूरी खर्चों को भी शामिल किया गया है। सरकार का उद्देश्य विभाग के कामकाज को सुचारू रूप से संचालित करना और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाना है।