Ranchi: रांची में उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। इस केस में गिरफ्तार 60 से अधिक आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर बुधवार को सिविल कोर्ट में सुनवाई हुई। अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत ने पहले ही मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को केस डायरी पेश करने का निर्देश दिया था।
आदेश के अनुपालन में पुलिस ने अदालत के समक्ष करीब 1000 पन्नों की विस्तृत केस डायरी जमा कर दी है, जिसमें पूरे घटनाक्रम, आरोपियों की भूमिका और जांच से जुड़े अहम तथ्यों का उल्लेख है। अदालत ने केस डायरी के अध्ययन के बाद अगली सुनवाई के लिए 6 मई की तारीख तय की है।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने परीक्षा से पहले तमाड़ इलाके में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ, जो परीक्षा में धांधली की साजिश रच रहा था। इस ऑपरेशन में कुल 164 लोगों को हिरासत में लिया गया।
जांच में अब तक कई प्रमुख आरोपियों के नाम सामने आए हैं, जिनमें अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद शामिल हैं। वहीं, इस नेटवर्क में 7 महिलाओं की संलिप्तता की भी पुष्टि हुई है।
पूरे मामले में तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच जारी है। पुलिस अब केस से जुड़े अन्य पहलुओं और नेटवर्क की गहराई तक पहुंचने में जुटी है।