रांची: झारखंड हाईकोर्ट का ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त हो गया है। करीब तीन सप्ताह की छुट्टी के बाद सोमवार, 8 जून से हाईकोर्ट में नियमित न्यायिक कार्य शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही सभी बेंचों में सामान्य सुनवाई बहाल होगी और लंबित मामलों के निपटारे की प्रक्रिया भी रफ्तार पकड़ेगी।
18 मई से शुरू हुआ वार्षिक ग्रीष्मकालीन अवकाश रविवार को समाप्त हो गया। हालांकि इस दौरान भी हाईकोर्ट में जरूरी मामलों की सुनवाई जारी रही। आम लोगों और वादियों को राहत देने के लिए वेकेशन बेंच का संचालन किया गया, जिसने अवकाश अवधि में महत्वपूर्ण मामलों पर सुनवाई की।
जस्टिस रोंगोन मुखोपाध्याय की अध्यक्षता वाली वेकेशन बेंच ने छुट्टियों के दौरान 850 से अधिक मामलों का निष्पादन कर न्यायिक प्रक्रिया को गति दी। इससे कई लंबित मामलों का समाधान हो सका।
हाईकोर्ट की ओर से जारी कॉज लिस्ट के मुताबिक सोमवार से मुख्य न्यायाधीश सहित सभी न्यायाधीशों की अदालतें निर्धारित समय पर कार्य करेंगी। अदालत खुलने के साथ ही हाईकोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं, पक्षकारों और न्यायिक कर्मचारियों की सामान्य गतिविधियां फिर से शुरू हो जाएंगी। न्यायिक कामकाज के पूर्ण रूप से बहाल होने से लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आने की उम्मीद है।