हिमांशु सिंह हत्याकांड पर भाजपा का सरकार पर हमला, अमर बाउरी बोले- अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची/जमशेदपुर: जमशेदपुर में पुलिस वैन पर बैठे हिमांशु सिंह की दिनदहाड़े चॉपर से हत्या के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को जमशेदपुर और आदित्यपुर में आयोजित एक दिवसीय बंद के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

बाउरी ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में इस तरह की वारदात होना इस बात का संकेत है कि अपराधियों के मन से कानून का डर पूरी तरह समाप्त हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि जमशेदपुर में लगातार चॉपर से हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं और शहर की पहचान अब “चॉपरपुर” के रूप में बनने लगी है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में राज्य में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ा है। उन्होंने चाईबासा की सामूहिक हत्या की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था मजबूत करने के बजाय पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए कर रही है। साथ ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग में अनियमितताओं का भी आरोप लगाया।

अमर बाउरी ने राज्य में बढ़ते नशे के कारोबार पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो झारखंड भी “उड़ता पंजाब” जैसी स्थिति की ओर बढ़ सकता है। उनके मुताबिक युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए सरकार को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने जमशेदपुर और आदित्यपुर बंद को सफल बताते हुए आम जनता, व्यापारियों, उद्योग जगत, मजदूरों और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उनका कहना था कि इस बंद के जरिए लोगों ने राज्य सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर स्पष्ट संदेश दिया है।

भाजपा ने हिमांशु सिंह हत्याकांड में ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने, लापरवाही पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करने और हत्या में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र और ठोस कदम नहीं उठाए तो इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो, रविनाथ किशोर झा और दीनदयाल वर्णवाल भी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *