रांची: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से झारखंड के मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम में बदलाव के कारण राज्य के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। इसका असर आम जनजीवन के साथ-साथ कृषि कार्यों पर भी पड़ सकता है। खासकर धान की फसल तैयार होने के इस समय बारिश किसानों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है।
कटी हुई धान की फसल को सुरक्षित रखने की सलाह
अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में संभावित बारिश से खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचने का खतरा है। वहीं, जिन किसानों ने फसल काट ली है, उनके लिए भी बारिश परेशानी बढ़ा सकती है। कटी हुई फसल भीगने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में किसानों को सलाह दी गई है कि वे कटी हुई फसल को जल्द से जल्द सुरक्षित और सूखे स्थान पर रख लें। इसके अलावा खेतों में जलनिकासी की उचित व्यवस्था करें, ताकि बारिश का पानी जमा न हो और फसलों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
मौसम विभाग की चेतावनी पर रखें नजर
संभावित खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। किसानों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों पर नजर रखें। जिलेवार बारिश की स्थिति और उसकी तीव्रता के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाना भी जरूरी होगा।