Ranchi: शुक्रवार दोपहर आई तेज आंधी ने रांची-मुरी रेलखंड पर रेल यातायात को प्रभावित कर दिया. आंधी के दौरान डाउन रेलवे लाइन पर एक बड़ा सखुआ का पेड़ गिर जाने से ट्रैक बाधित हो गया, जिसके कारण कई ट्रेनों का परिचालन रोकना पड़ा.
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया. प्रभावित ट्रेनों में रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस, मौर्य एक्सप्रेस, धनबाद इंटरसिटी और साप्ताहिक गोरखपुर एक्सप्रेस शामिल हैं.
जानकारी के मुताबिक, ट्रेनों को खेरवाकोचा, गंगाघाट, नामकुम और टाटीसिलवे रेलवे स्टेशनों पर खड़ा किया गया है. अचानक परिचालन बाधित होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
रेलवे की तकनीकी और राहत टीम मौके पर पहुंचकर ट्रैक से पेड़ हटाने के काम में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द से जल्द लाइन को साफ कर ट्रेन परिचालन सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है.