रांची: भाजपा किसान मोर्चा, झारखंड प्रदेश के वरिष्ठ नेता जय प्रकाश पांडेय ने दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों ने आतंकवाद के खिलाफ सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने का स्पष्ट संदेश दिया है। आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक स्तर पर एकजुट कार्रवाई समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि बैठक में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन पर भी विशेष जोर दिया गया। राष्ट्राध्यक्षों द्वारा सामूहिक रूप से पौधरोपण कर यह संदेश दिया गया कि आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं।
उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय युद्ध, आर्थिक अस्थिरता, ऊर्जा संकट और बढ़ते व्यापारिक तनाव जैसी चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे में देशों के बीच मतभेदों को विवाद में बदलने के बजाय संवाद और सामूहिक प्रयासों के जरिए समाधान तलाशना जरूरी है। युद्धों को रोककर मानवता की रक्षा करने की दिशा में वैश्विक स्तर पर ठोस पहल होनी चाहिए।
पांडेय ने कहा कि ब्रिक्स में स्टार्टअप फंड जैसे प्रस्तावों पर चर्चा वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। टैरिफ को लेकर बढ़ती अस्थिरता पर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि बदलते वैश्विक आर्थिक समीकरणों के बीच विकासशील देशों को मजबूत मंच की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भारत, रूस और चीन समेत कई देशों के बीच बढ़ता सहयोग बदलती वैश्विक व्यवस्था का संकेत है। दुनिया अब केवल एक आर्थिक व्यवस्था पर निर्भर नहीं रहना चाहती। ब्रिक्स विकासशील और उभरती अर्थव्यवस्थाओं को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि भारत की आर्थिक और सामरिक शक्ति लगातार बढ़ रही है और वैश्विक मंचों पर भारत की भूमिका पहले से कहीं अधिक प्रभावशाली हुई है। आने वाले समय में ब्रिक्स वैश्विक आर्थिक व्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।