रांची: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची द्वारा शनिवार को बीआईटी मेसरा और मोरहाबादी में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नालसा (बच्चों के लिए मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं) योजना-2024 के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम माननीय न्यायमूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष झालसा सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश, सदस्य सचिव झालसा कुमारी रंजना अस्थाना एवं न्यायायुक्त रांची अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन तथा डालसा सचिव राकेश रौशन की उपस्थिति में प्रस्तावित 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पीएलवी संतोष कुमार और रामजीत महतो ने उपस्थित लोगों को बताया कि नालसा योजना-2024 का उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें सुरक्षित, सुलभ एवं भयमुक्त न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह योजना बाल श्रम, बाल विवाह और बच्चों के शोषण जैसी कुप्रथाओं को रोकने के साथ-साथ कानूनी प्रक्रिया के दौरान बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखती है।
इस दौरान लोगों को 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की भी जानकारी दी गई। साथ ही विधिक सहायता के लिए नालसा के टोल-फ्री नंबर 15100 का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की गई। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों ने भी विधिक जागरूकता अभियान में रुचि दिखाई।
बच्चों को मिलेगा भयमुक्त न्याय: डालसा ने बीआईटी मेसरा और मोरहाबादी में चलाया विधिक जागरूकता अभियान
Leave a Comment