दुमका: झारखंड के दुमका जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सरैयाहाट प्रखंड सह अंचल कार्यालय के प्रधान लिपिक आनंद भारद्वाज को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बताया गया कि जमीन विवाद से संबंधित एक मामले में रिपोर्ट देने के बदले प्रधान लिपिक ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने पर ACB ने पूरे मामले का सत्यापन किया और आरोप की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की योजना बनाई।
गुरुवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपये दिए, पहले से तैनात ACB की टीम ने आनंद भारद्वाज को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाया गया।
इस कार्रवाई के बाद सरैयाहाट प्रखंड सह अंचल कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ACB मामले की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता तो नहीं है। आरोपों की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।