Ranchi: रांची में झारखंड सरकार ने प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाने और वित्तीय ढांचे को मजबूत करने के लिए अहम कदम उठाया है। मुख्य सचिव अविनाश कुमार की अध्यक्षता में हुई प्रशासी पदवर्ग समिति की उच्चस्तरीय बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह समेत वित्त, कार्मिक और योजना विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
इस दौरान वित्त विभाग और राज्य वित्त आयोग में नए पदों के सृजन पर सहमति बनी। वित्तीय प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए राज्य के कोषागार और उप-कोषागारों को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत चार वरीय कोषागार पदाधिकारी के पदों को प्रत्यर्पित कर उनकी जगह चार नए कोषागार पदाधिकारी नियुक्त करने की अनुशंसा की गई है।
वहीं, पंचम राज्य वित्त आयोग के कार्यों को गति देने के लिए रांची स्थित आयोग कार्यालय में कुल 18 नए पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई है। ये पद आयोग के कार्यकाल 27 जनवरी 2029 तक के लिए बनाए जाएंगे।
नए सृजित पदों में प्रशासनिक और तकनीकी दोनों तरह की नियुक्तियां शामिल होंगी। इनमें उप सचिव, अवर सचिव, विशेष कार्य पदाधिकारी, प्रशाखा पदाधिकारी, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी और वरीय प्रधान आप्त सचिव जैसे पद शामिल हैं। इसके अलावा सलाहकार (विषय विशेषज्ञ), रिसर्च असिस्टेंट, कंप्यूटर ऑपरेटर और चालक के पद भी भरे जाएंगे, जिनमें कुछ नियुक्तियां संविदा और आउटसोर्सिंग के माध्यम से होंगी।