रांची: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत झारखंड में विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने शुक्रवार को रांची के धुर्वा क्षेत्र के वार्ड संख्या 38 और 40 में पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान अमर बाउरी ने कहा कि तेजी से हो रहे शहरीकरण और विकास कार्यों के कारण बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई हो रही है, जिससे पर्यावरण संतुलन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ता तापमान, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाएं इसी असंतुलन के संकेत हैं। ऐसे में वृक्षारोपण ही पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ “एक पेड़ मां के नाम” अभियान लोगों को अपनी मां के सम्मान में पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने के लिए प्रेरित कर रहा है। यह अभियान अब जनभागीदारी के साथ एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है।
अमर बाउरी ने कहा कि भाजपा ने झारखंड में इस वर्ष दो लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। इसके माध्यम से राज्य के जल, जंगल और जमीन को संरक्षित करने के साथ-साथ हरित झारखंड के निर्माण की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की भी अपील की।
कार्यक्रम में धुर्वा मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, पार्षद अवधेश ठाकुर, पार्षद सुचिता रानी, पूर्व पार्षद दीपक लोहार, मंडल महामंत्री शिवाजी सिंह, कन्हैया सिंह, अजय शर्मा, राम सिंह सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।