थानों में जनता की अदालत, खुद शिकायतें सुनने पहुंचे SSP राकेश रंजन

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: आम लोगों की शिकायतों को लेकर रांची पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। जिले के विभिन्न थानों और ओपी में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के जरिए फरियादियों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। एसएसपी राकेश रंजन खुद इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में वह सुखदेव नगर थाना पहुंचे, जहां उन्होंने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जमीन विवाद से साइबर अपराध तक की शिकायतें

जनसुनवाई कार्यक्रम में भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, मारपीट, धोखाधड़ी और साइबर अपराध जैसे मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य इन शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई करना और आम नागरिकों को राहत पहुंचाना है।शिकायतों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक आवेदक को आवेदन की रिसीविंग दी जा रही है। वहीं, वरीय पुलिस अधिकारी मामलों की प्रगति पर नजर रख रहे हैं, ताकि शिकायतें केवल दर्ज होकर न रह जाएं, बल्कि उनका समाधान भी हो।

हर महीने होगी समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई

एसएसपी राकेश रंजन ने साफ किया है कि शिकायतों के निपटारे में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर महीने के अंत में लंबित मामलों की समीक्षा की जाएगी। जिन पुलिसकर्मियों की ओर से शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने की बात सामने आएगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनता और पुलिस के बीच दूरी कम करने की पहल

रांची पुलिस की इस पहल का मकसद आम लोगों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। अब देखना होगा कि जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के तहत लंबित मामलों का कितनी तेजी से निपटारा होता है और फरियादियों को इससे कितनी राहत मिलती है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *