सुदिव्य सोनू के द्वादशा श्राद्ध में उमड़ेगा जनसैलाब, गिरिडीह में 20-25 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

गिरिडीह: दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशा श्राद्ध कार्यक्रम को लेकर गिरिडीह में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्सव उपवन स्थित उनके आवासीय परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों के मुताबिक करीब 20 से 25 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम की तैयारियों की निगरानी के लिए गांडेय विधायक कल्पना सोरेन बुधवार को ही गिरिडीह पहुंच गई थीं। उत्सव उपवन परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम और लोगों के बैठने के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं।

चार बड़े पंडाल, हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था

आवासीय परिसर में चार बड़े पंडाल तैयार किए गए हैं। प्रत्येक पंडाल में एक साथ करीब 5 से 6 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था बताई गई है। इसके अलावा दो अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धांजलि सभा की व्यवस्था की गई है।

परिसर में उस जगह पर सुदिव्य कुमार सोनू की बड़ी तस्वीर लगाई गई है, जहां वे आम लोगों से मुलाकात किया करते थे। यहां पहुंचकर लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे।

भोजन-पानी से लेकर सुरक्षा तक इंतजाम

श्राद्ध कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए भोजन की जिम्मेदारी धनबाद की कैटरिंग टीम को दी गई है। मुख्य द्वार से कार्यक्रम स्थल तक कई जगहों पर पेयजल स्टॉल लगाए गए हैं। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन और आयोजकों की ओर से सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री और राज्यपाल समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल

द्वादशा श्राद्ध कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भी गिरिडीह पहुंचने की जानकारी है। वहीं दोपहर तक राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक भी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंच सकते हैं।

इनमें दीपिका पांडेय सिंह, डॉ. इरफान अंसारी, हफीजुल हसन, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, शिल्पी नेहा तिर्की, योगेंद्र प्रसाद, चमरा लिंडा और संजय प्रसाद यादव के नाम शामिल हैं।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

शहर में जगह-जगह लगे ‘अंतिम जोहार’ के कटआउट

सुदिव्य कुमार सोनू को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए गिरिडीह शहर को भी सजाया गया है। डुमरी रोड, देवघर मार्ग, धनबाद मार्ग और जमुआ मार्ग समेत प्रमुख रास्तों पर ‘अंतिम जोहार’ लिखे बड़े-बड़े कटआउट लगाए गए हैं।

द्वादशा श्राद्ध कार्यक्रम को लेकर उत्सव उपवन परिसर से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक माहौल पूरी तरह श्रद्धांजलिमय नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन भी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *