9 हजार रुपये के विवाद में दोस्त की हत्या, कांके में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

Mahak Kumari
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल 7.65 एमएम की पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, बजाज प्लेटिना बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

घटना 8 सितंबर की रात चौड़ी बस्ती मसना के पास हुई थी। पुलिस को वहां फायरिंग की सूचना मिली थी। जब टीम मौके पर पहुंची तो वहां कोई शव नहीं मिला, लेकिन सड़क पर काफी मात्रा में खून के निशान मौजूद थे। खून के निशान पोटपोटो नदी की ओर जा रहे थे, जिसके बाद पुलिस को आशंका हुई कि गोली मारने के बाद घायल युवक को नदी में फेंका गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर ग्रामीण एसपी और डीएसपी मु. प्रथम के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से पोटपोटो नदी और आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया।

इसके बाद 11 सितंबर की सुबह जयप्रकाश नगर के पास पोटपोटो नदी के किनारे एक शव बरामद हुआ। शव की पहचान कांके थाना क्षेत्र के ग्राम चामा निवासी राजन तिर्की के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, राजन के दाहिने कान के पास गोली लगने का गहरा जख्म था।

तीन आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें संजय गाड़ी, आकाश महली उर्फ चूचू और नीतिन उरांव शामिल हैं। तीनों चौड़ी बस्ती, कांके के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, बजाज प्लेटिना बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

9 हजार रुपये को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे 9 हजार रुपये का विवाद सामने आया है। मुख्य आरोपी संजय गाड़ी ने अपनी कार बेची थी और उसे एडवांस के तौर पर 9 हजार रुपये मिले थे। आरोप है कि मृतक राजन तिर्की और उसके दो दोस्तों ने संजय से पार्टी की मांग की और इसी दौरान उसके 9 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद मसना के पास पार्टी के दौरान राजन और संजय के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में संजय ने कमर में रखी पिस्टल निकालकर राजन को गोली मार दी। इसके बाद शव को पोटपोटो नदी में फेंक दिया गया।

कांके थाना में दर्ज हुआ मामला

इस मामले में कांके थाना कांड संख्या 180/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238, 61(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *