रांची: शनिवार को देशभर में अचानक कई मोबाइल फोन तेज आवाज के साथ बजने लगे या वाइब्रेट करने लगे, जिससे लोगों में कुछ समय के लिए घबराहट फैल गई। हालांकि बाद में स्पष्ट हुआ कि यह कोई आपात स्थिति नहीं, बल्कि भारत सरकार द्वारा किया गया एक नेशनवाइड सेल ब्रॉडकास्ट टेस्ट था।
इस दौरान मोबाइल स्क्रीन पर अलर्ट संदेश दिखाई दिया और सायरन जैसी ध्वनि सुनाई दी। सरकार के मुताबिक, इस प्रणाली का मकसद भूकंप, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान लोगों तक तुरंत चेतावनी पहुंचाना है।
सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक के जरिए बिना इंटरनेट के भी एक साथ बड़ी संख्या में लोगों तक संदेश भेजा जा सकता है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ऐसे अलर्ट से घबराएं नहीं, बल्कि इसे आपदा प्रबंधन की तैयारी के रूप में समझें।