रांची: JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित धांधली और छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज मुकदमों को लेकर झारखंड में सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पार्टी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में मुख्य सचिव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने सरकार से छात्रों पर दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लेने और JPSC-JSSC परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की CBI जांच कराने की मांग की है। पार्टी ने राज्य सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

‘न्याय नहीं मिला तो सड़क पर उतरेंगे’
मुलाकात के बाद प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि छात्र लंबे समय तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के कारण उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए गए। आदित्य साहू ने कहा कि 48 घंटे के भीतर छात्रों को न्याय नहीं मिला तो भाजपा छात्रों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने छात्रों पर कार्रवाई के साथ-साथ आंदोलन के दौरान कथित रूप से हिंसा करने वाले सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं पर भी कार्रवाई की मांग की।
1000 से ज्यादा FIR का दावा
भाजपा ने अपने ज्ञापन में दावा किया कि छात्र आंदोलन के दौरान और उसके बाद राज्य के विभिन्न थानों में बड़ी संख्या में छात्रों के खिलाफ FIR दर्ज की गईं। पार्टी ने इन सभी मुकदमों को तत्काल रद्द करने की मांग की है। भाजपा का कहना है कि छात्रों ने JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ करीब एक महीने तक लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया था।
CBI जांच और गिरफ्तारियों की मांग
ज्ञापन में भाजपा ने सरकार से JPSC और JSSC की रद्द या स्थगित की गई परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच की अनुशंसा करने की मांग की है। इसके अलावा पार्टी ने आयोग के अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद कथित तौर पर समान रूप से जिम्मेदार आयोग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की भी मांग उठाई है। भाजपा ने यह भी मांग की है कि जिन वरिष्ठ अधिकारियों के अधीन काम करने वाले कनिष्ठ कर्मचारियों पर धांधली के आरोप में कार्रवाई हुई है, उनकी भूमिका की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
बाबूलाल मरांडी समेत कई नेता रहे मौजूद
मुख्य सचिव से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप वर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, राकेश प्रसाद, भानु प्रताप शाही, अमर कुमार बाउरी, सांसद बीडी राम, नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, सत्येंद्र नाथ तिवारी, डॉ. नीरा यादव, राज सिन्हा समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे।