रांची: राजधानी रांची में नियमों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे कोचिंग संस्थानों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी अभियान के तहत लालपुर थाना क्षेत्र स्थित हरिओम टावर में चल रहे चार कोचिंग संस्थानों को नगर निगम की टीम ने सील कर दिया। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित संस्थानों के दस्तावेजों और ट्रेड लाइसेंस की स्थिति की जांच की। जांच के दौरान नियमों के अनुरूप लाइसेंस नहीं मिलने पर निगम ने चारों संस्थानों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की।
नोटिस के बावजूद जारी था कोचिंग का संचालन
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई से पहले संबंधित कोचिंग संस्थानों को ट्रेड लाइसेंस से जुड़े नियमों का पालन करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। संस्थानों को जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का पर्याप्त मौका भी दिया गया था। इसके बावजूद कोचिंग का संचालन जारी रहने पर निगम की टीम ने सख्त कदम उठाया।
इन कोचिंग संस्थानों पर गिरी गाज
हरिओम टावर में हुई कार्रवाई के दौरान पतंजलि आईएएस एकेडमी, मोशन और पाठशाला समेत कुल चार कोचिंग संस्थानों को सील किया गया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। नगर निगम ने साफ किया है कि शहर में बिना ट्रेड लाइसेंस या निर्धारित नियमों का पालन किए व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।