रांची: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर झारखंड में जारी छात्र आंदोलन अब राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। जयपाल सिंह स्टेडियम में छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी बीच JLKM सुप्रीमो और डुमरी विधायक जयराम महतो ने आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में मोर्चा खोल दिया है। रविवार को जयराम महतो रांची के पुराने विधानसभा परिसर में एक दिवसीय निर्जला उपवास पर बैठे। उन्होंने कहा कि छात्र लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और सरकार को अब इस मुद्दे पर गंभीरता दिखाते हुए तत्काल बातचीत करनी चाहिए। जयराम महतो ने सरकार से मांग की कि छात्रों के प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए बुलाकर उनकी मांगों पर स्पष्ट और स्थायी फैसला लिया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मामले में देरी करना उचित नहीं है।
10 अगस्त को सड़क पर उतरेंगे जयराम महतो
जयराम महतो ने आंदोलन को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा मार्च में वह खुद छात्रों के साथ शामिल होंगे। JLKM ने भी मार्च को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। उनके इस ऐलान के बाद 10 अगस्त को होने वाले विधानसभा मार्च को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि जयराम महतो की सक्रिय भागीदारी से आंदोलन को और व्यापक समर्थन मिल सकता है। अब सभी की नजर 10 अगस्त के विधानसभा मार्च पर टिकी है। JPSC-JSSC विवाद पर सरकार और आंदोलनरत छात्रों के बीच पहले से जारी गतिरोध के बीच यह मार्च सरकार के लिए एक नई राजनीतिक चुनौती बन सकता है।