Ranchi: झारखंड की धार्मिक नगरी देवघर और बासुकीनाथ में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया है। श्रावण मास के पहले दिन से ही बाबा बैद्यनाथ धाम और बाबा बासुकीनाथ धाम में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। पूरा क्षेत्र “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देश-विदेश से झारखंड पहुंचे सभी कांवरियों और शिवभक्तों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि झारखंड की संस्कृति, आस्था और परंपरा का प्रतीक है। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं कर रही है। देवघर में बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े नजर आए, वहीं बासुकीनाथ धाम में भी भक्तों का उत्साह चरम पर दिखा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात और पेयजल जैसी सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रावणी मेले के दौरान पूरे महीने लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन और सरकार ने मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बाबा नगरी में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।