रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं प्रारंभिक परीक्षा में कथित धांधली और अनियमितताओं के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) बुधवार को राजधानी रांची में बड़ा प्रदर्शन करेगा। भाजपा के नेतृत्व में JPSC कार्यालय के घेराव की घोषणा की गई है। प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए रांची पुलिस और जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर हैं तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले भाजपा नेता, छात्र और कार्यकर्ता पहले जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में एकत्रित होंगे। यहां सभा आयोजित होने के बाद सभी प्रदर्शनकारी जुलूस की शक्ल में JPSC कार्यालय की ओर कूच करेंगे। बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है।
आंदोलन को लेकर JPSC कार्यालय और उसके आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माना गया है। सुरक्षा व्यवस्था की कमान डीएसपी, इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी और प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
भाजपा का आरोप है कि JPSC की 14वीं पीटी परीक्षा के आयोजन में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच नहीं कराई जाती और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इधर, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने भी व्यापक तैयारियां की हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में शहर के कुछ मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया जा सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति है, लेकिन कानून हाथ में लेने या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।