दुमका: इश्क में मिली बेवफाई ने एक शादीशुदा युवक को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मसलिया थाना क्षेत्र के सागबाड़ी गांव में सोमवार शाम दो बच्चों का पिता गुस्से में जियो के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ऊंचाई पर खड़े होकर वह नीचे कूदने की धमकी देने लगा, जिससे मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
शादीशुदा होने की सच्चाई से टूटा रिश्ता
बताया जाता है कि राजपाड़ा गांव निवासी राखीसल मुर्मू का पड़ोसी गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। युवती को जब यह पता चला कि राखीसल पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है, तो उसने तुरंत रिश्ता खत्म कर दिया। युवती के इस फैसले को युवक बर्दाश्त नहीं कर सका।
‘अगर तुम नहीं… तो मैं जान दे दूंगा’
रिश्ता टूटने से नाराज राखीसल सीधे सागबाड़ी स्थित जियो के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर की ऊंचाई से वह लगातार जान देने की धमकी देता रहा। नीचे खड़े ग्रामीण और परिजन उसे समझाते रहे, लेकिन वह उतरने को तैयार नहीं था। देखते ही देखते पूरा इलाका लोगों से भर गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस की समझाइश रंग लाई
मामले की सूचना मिलते ही मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने धैर्य के साथ युवक से बातचीत शुरू की और काफी देर तक समझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफलता हासिल की। युवक के नीचे आते ही लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई।