धनबाद: धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में हजारीबाग पुलिस के एक आरक्षी की मौत हो गई, जबकि चालक समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब छापेमारी कर लौट रही हजारीबाग पुलिस की टीम की गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पीछे से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में आगे की सीट पर बैठे आरक्षी राम लखन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य आरक्षी, वाहन चालक और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे से हजारीबाग पुलिस महकमे में शोक की लहर है।