रांची में आदिवासी जन परिषद की बैठक, जमीन बचाने और अधिकारों की लड़ाई तेज करने का संकल्प

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: राजधानी रांची के करमटोली स्थित धूमकुड़िया सभागार में शनिवार, 11 जुलाई 2026 को आदिवासी जन परिषद की बैठक संगठन के अध्यक्ष प्रेम शाही मुंडा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आदिवासी समाज से जुड़े राजनीतिक, सामाजिक और भूमि अधिकारों के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। संगठन ने आरोप लगाया कि आदिवासियों की जमीन पर लगातार अवैध कब्जा और खरीद-बिक्री हो रही है, जिसे रोकने के लिए व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।

बैठक में कहा गया कि पेसा कानून के प्रावधानों के तहत ग्राम सभाओं को मजबूत कर जमीन संबंधी विवादों का समाधान कराया जाएगा, ताकि लोगों को लंबे समय तक न्यायालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। संगठन ने राज्य सरकार से पेसा कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने और गांव स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की मांग की।

आदिवासी जन परिषद ने आरोप लगाया कि भूईंहरी, खुटकट्टी, डाली-कतारी, नौकराना और अन्य पारंपरिक आदिवासी भूमि की गैरकानूनी खरीद-बिक्री की जा रही है। साथ ही पंचपरगना क्षेत्र के बुंडू अंचल के बारूहातु गांव सहित कई इलाकों में जमीन से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच की भी मांग की गई।

बैठक में स्थानीय नियोजन नीति लागू नहीं होने पर भी चिंता जताई गई। संगठन का कहना था कि इसकी वजह से झारखंड के आदिवासी और मूलवासी युवाओं को रोजगार के अवसरों में नुकसान उठाना पड़ रहा है। संगठन ने सभी जिलों में अपनी इकाइयों को मजबूत करने और आर्थिक, सामाजिक व राजनीतिक अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।

बैठक में सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें आदिवासी धार्मिक एवं सांस्कृतिक भूमि की सुरक्षा, जमीन से जुड़े मामलों के लिए जिला स्तरीय कोर कमेटी का गठन, युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़ने, धर्म कोड और पेसा कानून को लेकर गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने, 18 जुलाई को राजभवन के समक्ष प्रस्तावित नगड़ी जमीन बचाओ संघर्ष समिति के आंदोलन को समर्थन देने तथा जिला स्तरीय सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय शामिल है।

बैठक में प्रधान महासचिव अभय भुट कुंवर, महासचिव प्रकाश मुंडा, सचिव विष्णु मुंडा, महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष सेलीना लकड़ा, रांची महानगर अध्यक्ष शीला उरांव, रामगढ़ जिला अध्यक्ष अशोक बेदिया, पंचपरगना क्षेत्र अध्यक्ष सिदाम मुंडा, रांची ग्रामीण अध्यक्ष सुनील हीरो, शिवरतन मुंडा, पवन करमाली तथा जमशेदपुर पूर्वी महिला अध्यक्ष रूबी बासा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *