रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में लापरवाही बरतने वाले BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) और BLO सुपरवाइजरों पर अब कड़ी कार्रवाई होगी। रांची जिला प्रशासन ने ऐसे कर्मियों की पहचान कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोषी पाए जाने पर निलंबन के साथ-साथ विभागीय और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि SIR कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने शहरी क्षेत्रों में Enumeration Form (गणना प्रपत्र) के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की गति तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने BLO सुपरवाइजरों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को BLO की हर संभव सहायता करने को कहा। साथ ही 14 जुलाई 2026 को सभी बूथों पर BLO एवं BLO-2 की बैठक सह चुनावी पाठशाला आयोजित करने का निर्देश भी दिया।
रांची जिले में अब तक 15,69,153 (58.67%) Enumeration Form का वितरण और 3,49,404 (13.06%) फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। फॉर्म वितरण में तमाड़ (79.74%), सिल्ली (79.34%) और मांडर (68.72%) आगे हैं, जबकि डिजिटाइजेशन में तमाड़ (18.08%), सिल्ली (19.99%) और मांडर (18.72%) बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि जिन्होंने Enumeration Form प्राप्त कर लिया है, वे उसे सही तरीके से भरकर जल्द से जल्द अपने BLO के पास जमा करें। विशेष रूप से रांची और हटिया विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से SIR अभियान को गंभीरता से लेने और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है और इसमें लापरवाही करने वाले किसी भी कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।