रांची में शिक्षा, मतदाता जागरूकता और नशा मुक्ति अभियान पर जोर, 1.45 लाख छात्रों का आधार अपडेट जल्द होगा पूरा

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: जिले में करीब 1.45 लाख विद्यार्थियों का आधार अपडेटेशन लंबित है, जिसे जल्द पूरा करने के लिए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने संबंधित अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। मंगलवार को समाहरणालय में आयोजित विभिन्न समीक्षा बैठकों में उपायुक्त ने शिक्षा व्यवस्था, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम और नशा मुक्ति जागरूकता अभियान की तैयारियों का जायजा लिया।

शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने स्कूल से बाहर रह गए बच्चों और दिवyang विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों एवं शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधार-अपार अपडेटेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक ‘चुनावी पाठशाला’ आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदाता जागरूकता की जानकारी दी जाएगी।

उपायुक्त ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के कक्षा 10 और 12 के परीक्षा परिणामों पर असंतोष व्यक्त करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामान्य ज्ञान विषयों की निगरानी के लिए विशेष सेल गठित करने का निर्देश दिया। साथ ही पठन-पाठन को प्रभावित करने वाले शिक्षकों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने और नियमित समीक्षा करने की बात कही।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए Enumeration Form के शत-प्रतिशत वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के मतदाताओं की शत-प्रतिशत मैपिंग और फॉर्म संग्रहण पर भी जोर दिया गया।

मादक पदार्थों के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 26 जून को राज्यस्तरीय मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह मैराथन मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः बापू वाटिका पहुंचेगी। सुबह 6 बजे से प्रतिभागियों का पंजीकरण शुरू होगा। उपायुक्त ने यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधा और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इधर, उपायुक्त के निर्देश पर मंगलवार को जिले के विभिन्न अंचलों में आयोजित जनता दरबार में कुल 827 आवेदनों का निष्पादन किया गया। बेड़ो, बुढ़मू, सोनाहातू, नगड़ी, चान्हो, बुंडू, सिल्ली, नामकुम, राहे और मांडर अंचलों में आय, जाति, आवासीय, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, पंजी-2 सुधार और भूमि संबंधी मामलों का त्वरित निपटारा किया गया।

उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है और लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इसका अधिकाधिक लाभ उठाना चाहिए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *