Ranchi: वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) रांची ने नगड़ी स्थित कुलगू वृद्धाश्रम में विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। नालसा जागृति योजना-2025 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बुजुर्गों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही न्यायिक अधिकारियों ने उनसे आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम ने समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का संदेश भी दिया।
यह आयोजन झालसा के न्यायमूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश तथा सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना और न्यायायुक्त रांची अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में डालसा सचिव राकेश रौशन सहित कई विधिक पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 ने कहा कि नालसा जागृति योजना-2025 वरिष्ठ नागरिकों एवं समाज के कमजोर वर्गों को कानूनी रूप से सशक्त बनाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम-2007 समेत विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर बुजुर्गों को न्याय तक आसान पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही जिले के विभिन्न बैंकों, अस्पतालों और हेल्प डेस्क के माध्यम से उन्हें आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 ने वृद्धाश्रम परिसर में वरिष्ठ नागरिक सहायता केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने आश्रम के किचन, अटल क्लिनिक और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
डालसा सचिव राकेश रौशन ने बुजुर्गों के साथ बैठकर भोजन किया। उनके इस आत्मीय और मानवीय व्यवहार की उपस्थित लोगों ने सराहना की। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अटल अभ्युदय योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत बुजुर्गों को आश्रय, स्वास्थ्य सेवाएं, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, चश्मा तथा अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 और डालसा सचिव राकेश रौशन ने संयुक्त रूप से वृद्धाश्रम परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम में रह रहे दादा-दादियों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रकाश रंजन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संस्था के सचिव पंकज सिन्हा ने किया। इस मौके पर डालसा के दर्जनों सदस्य, वृद्धाश्रम के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
यह आयोजन केवल विधिक जागरूकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने समाज को यह संदेश भी दिया कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। संवेदना, सेवा और सहयोग से परिपूर्ण इस कार्यक्रम ने बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान और विश्वास की नई किरण जगाई।