रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे स्थित पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय लोगों की नजर पुल के नीचे पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल धुर्वा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान मनोरंजन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह धुर्वा स्थित पानी टंकी महावीर मंदिर के समीप के रहने वाले थे। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या और दुर्घटना, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोगों का मानना है कि व्यक्ति की मौत कहीं और हुई होगी और शव को यहां लाकर फेंका गया है, जबकि कुछ इसे हादसा मान रहे हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है, ताकि मामले से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।