रांची: यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने रांची–हजारीबाग राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चुटुपालु घाटी में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया है। घाटी क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण सुरक्षा साइन बोर्ड स्थापित किए गए हैं, जिनका उद्देश्य वाहन चालकों को सड़क की विशेष परिस्थितियों के प्रति सतर्क करना और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।
चुटुपालु घाटी तीखे मोड़ों और खड़ी ढलानों के कारण दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में गिनी जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए NHAI ने घुमावदार स्थानों पर चेतावनी और मार्गदर्शक संकेतक लगाए हैं। इन साइन बोर्डों के माध्यम से वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा यातायात नियमों का अनुपालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी (झारखंड) श्री संतोष कुमार आर्य ने सड़क उपयोगकर्ताओं से जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ यात्रा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने वाहन चालकों से सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग के सभी नियमों का पालन करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि NHAI बेहतर और विश्वस्तरीय सड़क अवसंरचना विकसित करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भी लगातार कार्य कर रहा है। चुटुपालु घाटी में लगाए गए ये सुरक्षा साइन बोर्ड यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम पहल साबित होंगे।