बाघ एक्सप्रेस में मिला 39.99 लाख रुपये का लावारिस कैश, चितरंजन स्टेशन पर मचा हड़कंप

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

धनबाद: रेलवे सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत चितरंजन रेलवे स्टेशन पर बाघ एक्सप्रेस से भारी मात्रा में लावारिस नकदी बरामद की गई है. बरामद रकम 39.99 लाख रुपये बताई जा रही है, जिसकी सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है.

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, 29 मई की दोपहर करीब 2:15 बजे गाड़ी संख्या 13019 बाघ एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची थी. इसी दौरान रेल पीपी चितरंजन को ट्रेन में संदिग्ध सामान होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और पुलिस टीम ने कोच संख्या B/3 में तलाशी अभियान चलाया.

तलाशी के दौरान बर्थ नंबर-06 पर काले रंग के दो प्लास्टिक बंडल लावारिस हालत में मिले. जब सुरक्षाकर्मियों ने बंडलों को खोलकर देखा तो उसमें भारी मात्रा में नकदी भरी हुई थी.

500 रुपये के 7,999 नोट बरामद

गिनती के दौरान दोनों बंडलों से 500 रुपये के कुल 7,999 असली नोट मिले. बरामद नकदी की कुल कीमत 39 लाख 99 हजार रुपये आंकी गई है. पूरी प्रक्रिया की बैंक अधिकारियों, रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ कर्मियों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी भी कराई गई.

आयकर विभाग को सौंपी जाएगी राशि

फिलहाल बरामद राशि को ट्रेजरी में सुरक्षित जमा कराने की प्रक्रिया चल रही है. रेलवे प्रशासन ने मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी है और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद राशि विभाग को सौंप दी जाएगी.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *