हजारीबाग: पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। लोहसिंघना थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को 22 मई 2026 की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम रोतरा इलाके में राहुल दुबे गैंग के सदस्य इकट्ठा हुए हैं और किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
एसआईटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर निगम डंपिंग यार्ड के पास छापेमारी की, जहां से पेलावल के आजाद नगर निवासी जियाउल रहमान उर्फ मोजम्मिल (25) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, मैग्जीन, दो जिंदा कारतूस, पांच खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह बानादाग रेलवे साइडिंग में लेवी वसूली और इलाके में दहशत फैलाने के मकसद से फायरिंग की योजना बना रहा था। मामले में लोहसिंघना थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राहुल दुबे गैंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।