रांची: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में बंद मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने जेवर दुकानदार समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, महंगे मोबाइल फोन और चोरी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं.
सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 8 मई 2026 को डोरंडा थाना क्षेत्र के वाजपेयी पथ स्थित एक बंद घर में चोरी की घटना हुई थी. अज्ञात अपराधियों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और अन्य सामान चोरी कर लिया था. घटना के बाद डोरंडा थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह का पर्दाफाश किया.
गिरफ्तार आरोपियों में मो. नकीब उर्फ सोनार, मो. सारूफ उर्फ शाहरूफ, मो. सिम्बाज, मो. जैद, मो. सैफ उर्फ सैम और मो. कैफ उर्फ चुसू शामिल हैं. अधिकांश आरोपी हिन्दपीढ़ी इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 21.6 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 3.20 लाख रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा 219.48 ग्राम चांदी के जेवर भी बरामद हुए हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य का सोना और इतनी ही कीमत की चांदी गलाकर पहले ही बेच चुके थे. कुल चोरी गए सामान की कीमत करीब 6.83 लाख रुपये आंकी गई है.
बरामद सामानों में आईफोन-15, मोटोरोला, सैमसंग और रेडमी कंपनी के महंगे मोबाइल फोन भी शामिल हैं. पुलिस को आरोपी मो. नकीब और मो. सैफ के मोबाइल फोन से चोरी के जेवर की खरीद-बिक्री से संबंधित चैट भी मिली है, जिसे जांच में अहम साक्ष्य माना जा रहा है.