Ranchi: राजधानी रांची में हाल ही में सामने आए दो दिल दहला देने वाले दुष्कर्म मामलों को लेकर हिंदूवादी नेता भैरव सिंह ने सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। एक ओर मेडिकल की छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना ने लोगों को झकझोर दिया, वहीं दूसरी ओर तीन साल की मासूम बच्ची के साथ ड्राइवर द्वारा किए गए अपराध ने पूरे समाज को शर्मसार कर दिया है।
इन्हीं घटनाओं को लेकर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भैरव सिंह ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में हर दिन औसतन 8 दुष्कर्म के मामले दर्ज हो रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।
भैरव सिंह ने प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब लोग इन घटनाओं का विरोध करते हैं, तो प्रशासन पीड़ितों के समर्थन में खड़े लोगों को ही निशाना बनाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दुष्कर्म मामले के विरोध में प्रदर्शन करने पर 9 नाबालिग, 8 महिलाओं और 42 युवाओं को जेल भेज दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी टीम हर पीड़ित महिला और बच्ची के साथ मजबूती से खड़ी है और आगे भी ऐसे मामलों में न्याय की लड़ाई लड़ती रहेगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
भैरव सिंह के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।