Giridih: गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में जीटी रोड स्थित नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। कूलगो टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार से आ रही एक ट्रक ने आगे चल रही कोयला लदी मिनी ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और कुछ ही देर में लपटें बेकाबू हो गईं। आग की तेज़ी का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि पास में खड़ा एक और ट्रक भी इसकी चपेट में आ गया। देखते ही देखते तीनों ट्रक धू-धू कर जलने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।