रांची: राजधानी रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र स्थित 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन में हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
24 मार्च की रात अपराधियों ने ग्रिड परिसर में धावा बोलकर सुरक्षाकर्मियों को बंधक बना लिया और करीब 4 लाख रुपये के कॉपर वायर, उपकरण व नकदी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि इस वारदात में कुल 15 अपराधी शामिल थे, जिन्होंने पहले क्षेत्र की रेकी कर सुनियोजित तरीके से डकैती को अंजाम दिया था।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने करीब 100 किलो तांबा तार, 7 मोबाइल फोन, 2 ऑटो, 2 बाइक और नकद राशि बरामद की है। साथ ही यह भी खुलासा हुआ कि लूटे गए सामान का कुछ हिस्सा कबाड़ी दुकानों में बेचा जा चुका है।
फिलहाल इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़ लेने का दावा किया जा रहा है।