रांची: सरहुल, ईद और रामनवमी जैसे बड़े त्योहारों को लेकर झारखंड सरकार सतर्क हो गई है। इसी को लेकर मुख्यमंत्री Hemant Soren की अध्यक्षता में आज एक महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी।
गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल के निर्देश पर बुलाई गई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान राज्य में शांति व्यवस्था बनाए रखना और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करना है। बैठक में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, डीजीपी सहित कई आला अधिकारी मुख्यमंत्री कार्यालय में मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा, सभी प्रमंडलीय आयुक्त, जोनल आईजी, रेंज डीआईजी, और जिलों के डीसी व एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से JHARNET से जुड़कर अपने-अपने क्षेत्रों की जानकारी साझा करेंगे।
सरकार का फोकस संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखने पर है। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी से निगरानी और सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखने जैसे कदम उठाए जा सकते हैं, ताकि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके और आपसी सौहार्द बना रहे।