मानसून में NHAI अलर्ट, हाईवे पर 24 घंटे निगरानी और 1033 हेल्पलाइन सक्रिय

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने अपनी 24×7 हाईवे हेल्पलाइन 1033 के माध्यम से आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और मजबूत किया है।

यात्रा के दौरान यदि वाहन खराब हो जाए, सड़क दुर्घटना हो, सड़क पर कोई अवरोध मिले, जलभराव, गड्ढे, क्षतिग्रस्त क्रैश बैरियर या टोल प्लाजा से जुड़ी कोई समस्या सामने आए, तो यात्री केवल 1033 पर कॉल कर मदद मांग सकते हैं। सूचना मिलते ही संबंधित परियोजना इकाई, एम्बुलेंस, क्रेन, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और अन्य आपातकालीन सेवाएं तुरंत सक्रिय होकर मौके पर पहुंचती हैं।

मानसून को देखते हुए NHAI ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। नियमित निरीक्षण, जल निकासी व्यवस्था की निगरानी, गड्ढों की समय पर मरम्मत, सुरक्षा संकेतकों और क्रैश बैरियर का रखरखाव तथा चौबीसों घंटे हाईवे पेट्रोलिंग के जरिए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

इस संबंध में झारखंड स्थित NHAI के क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग देश की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों की जीवनरेखा हैं। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हाईवे हेल्पलाइन 1033 किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी राजमार्ग उपयोगकर्ताओं से अपील की कि आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी संकोच के 1033 पर संपर्क करें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।

NHAI ने यात्रियों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, थकान या अस्वस्थता की स्थिति में वाहन नहीं चलाने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 1033 पर कॉल करने की अपील की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *