जीएसटी कथित फर्जीवाड़े पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, अमर केसरी के आवास का गेट तोड़ा

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रामगढ़: रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में जीएसटी के नाम पर कथित फर्जीवाड़े को लेकर गुरुवार सुबह जमकर हंगामा हुआ। सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर ग्रामीणों से आधार और पैन कार्ड लेने तथा उनके नाम पर कथित तौर पर जीएसटी पंजीकरण कराने के आरोप में सैकड़ों ग्रामीणों ने अमर केसरी उर्फ विक्की के आवास पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने इस दौरान आवास के मुख्य गेट पर तोड़फोड़ कर दी।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब छह बजे दिगवार, बोंगावार, जमुनियाटांड़ और करमा समेत आसपास के गांवों से लगभग 200 से 300 महिला-पुरुष कुजू ओपी क्षेत्र के केबी गेट स्थित अमर केसरी उर्फ विक्की के आवास पर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, चावल-दाल उपलब्ध कराने और हर महीने 500 रुपये देने का प्रलोभन देकर उनसे आधार कार्ड और पैन कार्ड लिए गए थे।

ग्रामीणों का दावा है कि बाद में इन दस्तावेजों का कथित दुरुपयोग कर उनके नाम पर जीएसटी पंजीकरण करा दिया गया। इतना ही नहीं, जीएसटी बकाया के नाम पर कुछ लोगों के बैंक खातों से पैसे कटने की भी चर्चा है। हालांकि, बैंक खातों से राशि कटने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने इस पूरे मामले में प्रति व्यक्ति 200 रुपये लिए जाने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में अनीता देवी का नाम सामने आया है। वहीं, अमर केसरी उर्फ विक्की ने ग्रामीणों के आरोपों को निराधार बताते हुए किसी भी तरह के फर्जीवाड़े में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है।

हंगामे की सूचना मिलते ही कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को भी दी।

कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *